*अंतरराष्ट्रीय मास्टर एथलीट संतोष कुमार प्रधान ने स्वर्ण और हैट्रिक रजत पदक के साथ देश का नाम रोशन किया*
बरगढ़ मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित 36 वें मलेशिया अंतरराष्ट्रीय मास्टर्स ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बरगढ़ सरला ग्राम के संतोष कुमार प्रधान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण और तीन रजत पदक हासिल कर भारत और ओडिशा का नाम रोशन किया है। उन्होंने अपनी व्यक्तिगत इवेंट ट्रिपल जंप में स्वर्ण पदक जीता, जबकि लंबी कूद, ऊंची कूद और 100 मीटर बाधा दौड़ में रजत पदक हासिल किया।इस चैंपियनशिप में चीन, मलेशिया, सिंगापुर, पाकिस्तान, श्रीलंका, हांगकांग, थाईलैंड, इंडोनेशिया, म्यांमार, नाइजीरिया, ब्रुनेई, फिलीपींस और मेलाका सहित कई देशों के लगभग 2000 एथलीटों ने भाग लिया। ओडिशा से पुरुष वर्ग में संतोष कुमार प्रधान और महिला वर्ग में रेखा दे ने ओडिशा मास्टर्स गेम्स संघ की ओर से इस प्रतियोगिता में भाग लिया। रेखा दे ने भी दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर देश और राज्य का गौरव बढ़ाया।
संतोष कुमार प्रधान की इस सफलता पर बरगढ़ के विधायक अश्विनी कुमार षडंगी ने अपने निवास पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आगामी विश्व मास्टर्स गेम्स और अन्य अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय मास्टर्स खेलों में भी सफलताएं अर्जित करने के लिए संतोष को अपना समर्थन और आशीर्वाद प्रदान किया। ओडिशा मास्टर्स गेम्स के महासचिव शिव प्रसाद मिश्र, जिला खेल संघ के महासचिव किशोर मिश्र, जनकल्याण संघ के अध्यक्ष मुकुंद दास, जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष सत्यजीत दास सहित अनेक गणमान्य लोगों ने संतोष प्रधान को बधाई व शुभकामनाएं दी।
Tags
BARGARH NEWS