बरगढ़ में आज सजेगा बाबा श्याम का भव्य दरबार, हजारों भक्त करेंगे निशान अर्पण
बरगढ़। फाल्गुन माह की पावन एकादशी के अवसर पर आस्था और भक्ति का विराट संगम देखने को मिलेगा, जब बरगढ़ से श्री श्याम धाम भटली तक हजारों श्रद्धालु पदयात्रा कर बाबा श्याम को निशान अर्पित करेंगे। यह धाम भारत में अद्वितीय माना जाता है, जहां भटली नरेश बाबा श्याम बाल्य स्वरूप में विराजमान होकर भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। देश के कोने-कोने से श्रद्धालु यहां पहुंचकर अपनी श्रद्धा अर्पित करते हैं।
श्री श्याम परिवार बरगढ़ के तत्वावधान में स्वयं सिद्धा भवन में बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाया जा रहा है। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध भजन गायक अपनी मधुर भक्ति स्वर लहरियों से वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे।
निशान पदयात्रा का भव्य आयोजन
प्रातः लगभग 3 बजे बरगढ़ से हजारों श्रद्धालु रंग-बिरंगे निशान लेकर लगभग 17 किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए भटली धाम पहुंचेंगे। भक्त अपनी मनोकामना पूर्ण होने की कामना से बाबा श्याम को निशान अर्पित करेंगे। श्री श्याम परिवार बरगढ़ द्वारा इस अवसर पर 11 हजार निशानों की व्यवस्था की गई है।
भव्य सजावट और दर्शन व्यवस्था
फाल्गुन एकादशी के पावन अवसर पर श्री श्याम धाम भटली में बाबा श्याम का दिव्य दरबार कोलकाता के कारीगरों द्वारा आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। अनुमान है कि 50 हजार से अधिक भक्त इस अवसर पर बाबा के दर्शन करेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर समिति द्वारा बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे भक्त सुगमता से दर्शन कर सकें। भीड़ को ध्यान में रखते हुए विशाल पंडाल और भंडारे की व्यवस्था भी की गई है।
विराट सतरंगी रथ यात्रा
एकादशी के दिन दोपहर 3 बजे बाबा श्याम की विराट सतरंगी रथ यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा श्री श्याम मंदिर से प्रारंभ होकर भटली नगर की परिक्रमा करते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचेगी। इस दौरान भक्त एक-दूसरे को गुलाल लगाकर आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देंगे।
अखंड ज्योत एवं रात्रि भजन संध्या
शाम 7 बजे मंदिर परिसर के भव्य पंडाल में बाबा श्याम की अखंड ज्योत प्रज्वलित की जाएगी। इसके पश्चात कोलकाता के अरविंद सहल, पूजा नथानी तथा कानपुर की शैफाली द्विवेदी भजन संध्या प्रस्तुत कर पूरी रात श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगी।
द्वादशी पर महाप्रसाद एवं धार्मिक अनुष्ठान
द्वादशी की रात्रि को बाबा श्याम को सवामणि प्रसाद अर्पित किया जाएगा। साथ ही जात-जडूला की धोक एवं मुंडन संस्कार सम्पन्न कर भक्तजन द्वादशी की धोक के साथ फाल्गुन महोत्सव का विधिवत समापन करेंगे।
फाल्गुन महोत्सव के इस दिव्य आयोजन को लेकर क्षेत्र में अपार उत्साह और श्रद्धा का वातावरण है। भक्तजन बाबा श्याम से सुख-समृद्धि, शांति और आपसी प्रेम की कामना कर रहे हैं।