*बरगढ़ धनुयात्रा महोत्सव के रंगमहल का उद्घाटन संपन्न*
बरगढ़ (मथुरा नगरी) में धनुयात्रा महोत्सव के द्वितीय दिवस पर मथुरा नगरी स्थित निशामणि स्कूल के सामने लोक मंडप प्रांगण में रंगमहल का भव्य उद्घाटन किया गया। कंस महाराज के मथुरा भ्रमण के बाद उनके आगमन पर धनुयात्रा महोत्सव समिति के अध्यक्ष और बरगढ़ जिलाधीश आदित्य गोयल ने रंगमहल का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में कंस महाराज के साथ बरगढ़ सांसद प्रदीप कुमार पुरोहित, बरगढ़ विधायक अश्विनी कुमार षडंगी, धनुयात्रा महोत्सव समिति के अध्यक्ष और सचिव सुरेश्वर शतपथी समेत रंगमहल समिति के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। रंगमहल के उद्घाटन के बाद विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। नृत्य प्रदर्शन के बाद कंस महाराज हाथी पर सवार होकर हाट पाड़ा स्थित राजदरबार पहुंचे। जहां दैववाणी सुनकर वे व्यथित हो गए।इस बीच कारागार (समलेश्वरी मंडप) में बंदी देवकी के गर्भ से भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ। वासुदेव ने श्रीकृष्ण को जीरा नदी से होते हुए गोपपुर पहुंचा कर नंद राजा और नंदरानी की गोद में श्री कृष्ण को सौंप दिया। दूसरी ओर वासुदेव गोपपुर से बिजली कन्या को लेकर कारागार लौट गए। धनुयात्रा महोत्सव के ये आयोजन सांस्कृतिक और धार्मिक आस्था का प्रतीक बनकर पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल बना रहे हैं।