*पाठ्य पुस्तकों में धनुयात्रा की जानकारी शामिल करने के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र को कंस महाराज ने दिया आदेश*
बरगढ़ धनुयात्रा महोत्सव के द्वितीय दिवस पर आयोजित राजदरबार में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, ओडिशा के शिक्षा, संस्कृति और खेल मंत्री सूरज सूर्यवंशी, और ग्रामीण विकास मंत्री रवी नारायण नायक प्रमुख रूप से अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। इस अवसर पर कंस महाराज ने खुशी व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री से बरगढ़ धनुयात्रा को देशभर के पाठ्य पुस्तकों में स्थान दिलाने का आग्रह किया।
केंद्रीय मंत्री प्रधान ने इस महोत्सव को नैतिक मूल्यों का संदेश देने वाला बताया और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए सरकार के प्रयासों का जिक्र किया। मंत्री सूर्यवंशी ने बताया कि नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा की एक टीम मथुरानगरी में रहकर धनुयात्रा का प्रामाणिक डॉक्यूमेंटेशन कर रही है। राज्य के सभी जिलों में महोत्सव का लाइव टेलीकास्ट किया जा रहा है। कंस महाराज ने मंत्री सूर्यवंशी से 1 लाख कलाकारों को भत्ता देने का आदेश दिया। साथ ही मथुरा के निवासियों को पेयजल की समस्या से निजात दिलाने के लिए मंत्री नायक से सवाल किया। मंत्री नायक ने इस समस्या का दोष पूर्व सरकार पर मढ़ते हुए 2026 मार्च तक हर घर में पानी पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस आयोजन में झारसुगुड़ा विधायक टंका धर त्रिपाठी, बरगढ़ विधायक अश्विनी षड़ंगी, आताबीरा विधायक निहार रंजन महानंद, भटली विधायक इरासिस आचार्य, बीजेपुर विधायक सनत कुमार गड़तिया, पुलिस आई जी हिमांशु लाल समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Tags
BARGARH NEWS