*महाप्रयाण योजना के तहत मृतक के शव के लिए चालक वसूल रहे हैं रकम*
बरगढ़ सरकारी योजनाओं के तहत राज्य सरकार द्वारा एंबुलेंस, महाप्रयाण जैसे मुफ्त सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। लेकिन चालकों द्वारा मरीज़ों और उनके परिजनों से रकम वसूली जा रही है। यह घटना ओडिशा के बरगढ़ जिला मुख्य अस्पताल की है। जहाँ विभिन्न स्थानों से मरीज इलाज के लिए आते हैं यहाँ तक कि छत्तीसगढ़ राज्य से भी लोग उपचार के लिए यहाँ आते हैं।
सरकार ने मुफ्त 108 एम्बुलेंस सेवा और महाप्रयाण योजना के तहत मृतक के शव को घर तक नि:शुल्क पहुँचाने की व्यवस्था है। लेकिन इन सेवाओं के बावजूद चालकों द्वारा मरीजों और उनके परिवारों से रकम वसूलने की शिकायतें सामने आ रही हैं।ऐसी ही एक घटना बरगढ़ जिले के गाई सिलेट ब्लॉक के बड़े साहाजबाहल गाँव के पूर्णचंद्र साहू के साथ घटी। पूर्णचंद्र ने अपने पिता प्रहलाद साहू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जिनकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। परिवार ने महाप्रयाण गाड़ी के माध्यम से शव को घर ले जाने की व्यवस्था की। लेकिन जब शव घर पहुंचा तो चालक ने उनसे 3000 रुपये की मांग की और पैसे मिलने तक वहीं रुका रहा। पैसे लेने के बाद ही चालक वहा से निकला। परिवार ने रसीद की मांग करने पर उन्हें कोई रसीद नहीं दी गई।
जिसके बाद परिवार ने जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पास शिकायत दर्ज कराया है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति से लोगों में असंतोष बढ़ रहा है, लेकिन जिला प्रशासन या चिकित्सा अधिकारी अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं करने की खबर हैं।