*बरगढ़ में तोरण गेट का निर्माण, धार्मिक पहचान को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम*
बरगढ़ स्थानीय विधायक अश्विनी षड़ंगी ने नवभारत से चर्चा करते हुए बरगढ़ शहर को एक धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में स्थापित करने के अपने प्रयासों का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि उनके पंचवर्षीय कार्यकाल में शहर को 'धर्मनगरी' के रूप में पहचान दिलाने का लक्ष्य है। इस दिशा में उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों की योजना बनाई है। जिसमें सामाजिक, प्रशासनिक और धार्मिक पहलुओं का विशेष ध्यान रखा गया है। विधायक श्री अश्विनी षड़ंगी ने बताया कि बरगढ़ शहर के मुख्य पांच प्रवेश मार्गों पर धर्म का संदेश देते हुए स्थाई तोरण गेट का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, और अब दो नए स्थाई प्रवेश द्वारों का निर्माण किया जाएगा। विशेष रूप से, डांग चौक के निकट खाटू श्याम जी के तोरण गेट की तर्ज पर एक नया प्रवेश द्वार बनाया जाएगा। जो भारत के अद्वितीय श्याम धाम भटली धाम के मार्ग पर स्थित होगा। यह कदम बरगढ़ को धार्मिक रूप से एक मजबूत पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। इसके अलावा बरगढ़ शहर में रेलवे स्टेशन के पास भी एक स्थाई गेट स्थापित किया जाएगा, जिससे रेलवे से आने वाले यात्रियों को बेहतर अनुभव होगा। विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता शहर के विकास को बढ़ावा देना है।और इस दौरान वह किसानों, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, स्वच्छ पेयजल, और छोटे गांवों तक पक्के रास्तों के निर्माण जैसी समस्याओं पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। विधायक ने यह भी बताया कि वह अपने कार्यकाल में बरगढ़ को विकास के मामले में प्रदेश का सबसे उत्कृष्ट शहर बनाने में सफल होंगे। उनके प्रयासों से बरगढ़ शहर को ना सिर्फ एक धर्मनगरी के रूप में पहचान मिलेगी, बल्कि इसके सामाजिक और प्रशासनिक विकास कार्यों की गति भी तेज होगी।
Tags
BARGARH NEWS