*जिलास्तरीय 76 वा गणतंत्र दिवस समारोह मनाया गया*
*संविधान के आदर्शों को बनाए रखते हुए न्याय और समानता सुनिश्चित करने का आह्वान जिलाधिकारी*
बरगढ़ जिला मुख्यालय में आयोजित 76 वें गणतंत्र दिवस समारोह में जिलाधिकारी श्री आदित्य गोयल ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेकर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली और जिला वासियों को संबोधित किया।जिलाधिकारी ने सबसे पहले अपने कार्यालय में तिरंगा फहराया और महात्मा गांधी, स्वभाव कवि गंगाधर मेहेर, वीर सुरेंद्र साय, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर सहित अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इसके उपरांत स्थानीय पंचायत महाविद्यालय मैदान में आयोजित जिलास्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में तिरंगा फहराकर उपस्थित जन समुदाय को संबोधित किया।उन्होंने अपने संबोधन में भारत के महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और आधारभूत संरचनाओं के विकास जैसे क्षेत्रों में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने विशेष रूप से बरगढ़ जिले के बुनकर को हस्तशिल्प की विरासत को रेखांकित किया।
जिलाधिकारी ने संविधान में निहित न्याय, समानता और भाईचारे के आदर्शों को बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से अपील की कि वे जाति, धर्म और भाषा के भेदभाव से ऊपर उठकर एक समृद्ध और समावेशी समाज के निर्माण में योगदान दें।समारोह में कुल 36 परेड दलों ने भाग लिया। इसके अलावा 8 सांस्कृतिक दलों ने नृत्य प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। इसके अलावा राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले 13 खिलाड़ियों, 2 एनसीसी कैडेट्स, और 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 11 छात्राओं को "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" अभियान के तहत सम्मानित किया गया।जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। इसके बाद जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों ने स्थानीय जेल के कैदियों और जिला अस्पताल के मरीजों को फल और मिठाइयां वितरित कीं।समारोह में जिला पुलिस अधीक्षक प्रहलाद सहाय मीना, अतिरिक्त जिलाधिकारी महेंद्र महापात्र, सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी प्रहलाद खोसला, बरगढ़ नगर पालिका कार्यकारी अधिकारी देवानंद साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।