पूज्य गुरुदेव सच्चिदानंद जी शास्त्री महाराज का नगर आगमन
शिष्यों ने किया भव्य स्वागत
कांटाबांजी। (मनोज शर्मा की रिपोर्ट )पूज्य गुरुदेव सच्चिदानंद जी शास्त्री महाराज का मंगलवार को कांटाबांजी नगर में आगमन हुआ। उनके आगमन पर शिष्यों और श्रद्धालुओं ने रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया। फूल मालाओं और जयघोष के बीच स्टेशन परिसर में भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था।वे समता एक्सप्रेस से वृंदावन से नगर में पहुंचे।गुरुदेव शास्त्री महाराज ने अपने दिव्य प्रवचनों और अध्यात्मिक संदेशों से न केवल ओडिशा अन्य प्रदेशों मे भी हजारों लोगों को प्रेरित किया है। रेलवे स्टेशन पर गुरुदेव का स्वागत करने के लिए सुबह से ही शिष्यों और श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर पहुंची, उपस्थित जनसमूह "जय गुरुदेव" के नारों से गूंज उठा। शिष्यों ने फूलों की वर्षा कर अपने गुरुदेव का स्वागत किया। इस दौरान सभी में अद्भुत उत्साह देखने को मिला।गुरुदेव ने अपने संक्षिप्त संबोधन में सभी को आध्यात्मिकता और सेवा भाव को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा, "सच्ची भक्ति वही है जो मानवता की सेवा और परोपकार से जुड़ी हो। जीवन को सादगी और सत्य के मार्ग पर ले जाना ही ईश्वर की आराधना है।"
इस अवसर पर भागवत नाम प्रचार समिति के अध्यक्ष रुपेश अग्रवाल लाठोरिया सचिव अशोक शर्मा किशोर बारिक बजरंग शर्मा गोपाल पाठक मनोज शर्मा परमानंद पटेल आशीष ठाकुर एवं अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।