*धनु यात्रा को लेकर गरीब,असहाय बुजुर्ग महिला के घर पर चला बुलडोजर*
बरगढ़ धनु यात्रा महोत्सव को लेकर आज जिला प्रशासन ने अंबापाली गांव गोपपुर से एक मार्मिक घटना सामने आई है। जहां जीरा नदी के किनारे रहने वाली एक बुजुर्ग गरीब ,असहाय महिला का घर प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के तहत बुलडोजर चला कर तोड़ दिया। प्रशासन ने इसे सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा बताते हुए कार्रवाई की। जबकि इस महिला ने इस जमीन पर अपना हक बताया है।जिला प्रशासन धनु यात्रा के दौरान अंबापाली में जीरा नदी के तट पर गोपपुर का अस्थाई स्टेज निर्माण करना चाहती है।जिसके लिए कई गरीबों के मकान बाधा नजर आने पर प्रशासन ने यह कदम उठाया है। बुजुर्ग महिला वर्षों से इस घर में रह रही थी। घर के टूटने से वह बेसहारा हो गई है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन ने बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के घर तोड़ दिया, जिससे बुजुर्ग महिला और उसके परिवार को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों में प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि बरगढ़ शहर में कई धनाढ्य व्यक्तियों ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर बड़ी-बड़ी इमारतें बना ली हैं, लेकिन प्रशासन ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। वहीं गरीब और असहाय लोगों पर प्रशासन का डंडा चल रहा है।
इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने प्रशासन पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अन्य धनाढ्य लोगों के अतिक्रमण पर आंखें मूंद लेना और गरीबों पर सख्ती करना निंदनीय है।आज सुबह हुई इस कार्रवाई पर प्रशासन का कहना है कि यह सरकारी जमीन पर अतिक्रमण हटाने के लिए की गई नियमित प्रक्रिया थी। उन्होंने दावा किया कि कानून के तहत ही यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि बुजुर्ग महिला का घर तोड़ते समय उसकी स्थिति का ध्यान नहीं रखा गया।स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में समानता बरती जाए। गरीब और कमजोर वर्गों पर सख्ती के बजाय, बड़े और प्रभावशाली लोगों के अवैध निर्माणों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था मांग हो रही है।यह घटना प्रशासन की अतिक्रमण हटाने की नीति और उसकी निष्पक्षता पर सवाल खड़े करती है। उम्मीद है कि जिम्मेदार अधिकारी इस पर ध्यान देंगे और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उचित कदम उठाते हुए विश्व प्रसिद्ध धनु यात्रा महोत्सव की गरिमा को बनाए रखेंगे।आम जनता का कहना है कि इस महोत्सव के लिए गरीबों पर अत्याचार करना कहा तक उचित है।
Tags
BARGARH NEWS