*इब सेतु निर्माण कार्य: दिसंबर अंत तक कार्य शुरू होगा सांसद पुरोहित*
बरगढ़ लोकसभा सांसद प्रदीप पुरोहित ने आज राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के ओडिशा क्षेत्रीय अधिकारी वीरेंद्र सिंह के साथ कई विकासात्मक कार्यों की प्रगति और सफलता के संबंध में एक प्रेस विज्ञप्ति में जानकारी दी।उन्होंने नवभारत को बताया कि सबसे पहले ब्रजराजनगर में इब नदी पर 3 लेन वाले 448 मीटर लंबाई का एक पुल 33.6 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला है जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस पुल का निर्माण कार्य दिसंबर महीने के अंत तक शुरू हो जाएगा। इसके अलावा झारसुगड़ा के लखनपुर और कनक तुरा के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग 49 को 4 लेन में बदलने की योजना है। जिसका डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजा गया है। इस कार्य के लिए टेंडर जनवरी के पहले सप्ताह में जारी होगा। गांधी चौक पर इस सड़क पर एक फ्लाईओवर भी बनाया जाएगा। दूसरे इब पुल के लिए 3 लेन वाले पुल का डीपीआर तैयार कर स्वीकृति हेतु भेजा गया है। इसी प्रकार बरगढ़ जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग पर विकास अस्पताल के सामने एक फ्लाईओवर के निर्माण के लिए भी टेंडर जारी हो गया है। घुली पाली और गोडभगा में फ्लाईओवर निर्माण के लिए भी डीपीआर तैयार किया गया गया है। इस परियोजना के अंतर्गत सर्विस रोड निर्माण और लाइट व्यवस्था को लेकर चर्चा कर कार्य को शीघ्र शुरू किया जाएगा।